Khaskhabar/केरल में कोरोना संक्रमण पर लगाम नहीं लग पा रही है। केरल में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण के 17,983 नए मामले दर्ज किए गए। समाचार एजेंसी पीटीआइ की रिपोर्ट के मुताबिक केरल में बीते 24 घंटे में 127 लोगों की मौत हुई है। इससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 45,97,293 हो गई जबकि महामारी से 24,318 लोगों की मौत हो चुकी है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जार्ज ने बताया कि 422 स्थानीय स्व-सरकारी निकायों में 841 वार्ड हैं जहां साप्ताहिक संक्रमण रेट 10 फीसद से ज्यादा है। पिछले 24 घंटों में 1,10,523 नमूनों की जांच की गई है।

नए मरीजों की संख्या पिछले कुछ दिनों से 30,000 के आसपास बनी हुई
देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति में सुधार तो आया है, लेकिन केरल में हालात सुधर नहीं रहे हैं। केरल के चलते नए मरीजों की संख्या पिछले कुछ दिनों से 30,000 के आसपास बनी हुई है। बीते 24 घंटे के दौरान देश भर में 31,382 मामले मिले हैं, जिनमें से अकेले केरल से 17,983 केस हैं। इस दौरान देशभर में महामारी से 318 लोगों की मौत हो गई। इसमें भी 127 मौतें केरल में ही दर्ज की गई हैं।
आंकड़ों के मुताबिक बीते एक दिन में सक्रिय मामलों में करीब 1,500 की गिरावट दर्ज
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते एक दिन में सक्रिय मामलों में करीब 1,500 की गिरावट दर्ज की गई है और वर्तमान इनकी संख्या 3,00,162 पर आ गई है जो कुल मामलों का 0.89 फीसद है। मरीजों के उबरने की दर मार्च के बाद सबसे उच्चतम स्तर 97.78 फीसद पर पहुंच गई है। दैनिक संक्रमण दर 25 दिन से और साप्ताहिक संक्रमण दर 91 दिन से तीन फीसद से नीचे बनी हुई है।
यह भी पढ़े —कड़ी सुरक्षा बंदोबस्त के बीच अजमेर के टाडा कोर्ट में आतंकी अब्दुल करीम टुंडा को किया गया पेश
उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना रोधी वैक्सीन की 9.88 करोड़ डोज लगाई गई
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में कोविड वैक्सीनेशन का आंकड़ा 84.82 करोड़ के पार पहुंच गया है। शाम सात बजे तक वैक्सीन की 64 लाख से ज़्यादा डोज़ लगाई गईं। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा कोरोना रोधी वैक्सीन की 9.88 करोड़ डोज लगाई गई हैं। महाराष्ट्र में 7.69 करोड़ और मध्य प्रदेश में 5.98 करोड़ डोज अब तक दी जा चुकी हैं।